वाशिंगटन डीसी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

तस्वीर 15 जनवरी 2025 की है। जब जो बाइडेन ने अपने विदाई समारोह के दौरान देश-विदेश को संबोधित किया था।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को प्रोस्टेट कैंसर का पता चला है, जो उनकी हड्डियों तक फैल गया है। उनके परिवार और वे इलाज के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। यह जानकारी उनके कार्यालय ने रविवार को दी।
इससे पहले 2023 में जो बाइडेन को स्किन कैंसर हुआ था। व्हाइट हाउस के डॉक्टर ने बताया कि उनकी छाती पर बेसल सेल कार्सिनोमा पाया गया था, जो एक सामान्य प्रकार का त्वचा कैंसर था। इस घाव को फरवरी में सर्जरी के दौरान हटा दिया गया था।
82 साल के बाइडेन ने 2020 में डोनाल्ड ट्रम्प को हराया था और पिछले साल फिर से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उनकी उम्र और मानसिक स्थिति पर सवाल उठने की वजह से उन्होंने राष्ट्रपति पद की रेस से हटने का फैसला किया था।
उन्होंने तत्कालीन उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को समर्थन दिया था। बाइडेन से 3 साल छोटे ट्रम्प ने पिछले साल नवंबर में कमला हैरिस को हराकर दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव जीता था।
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के मुताबिक अमेरिका में, प्रोस्टेट कैंसर पुरुषों को होने वाला सबसे आम कैंसर है और कैंसर से होने वाली मौतों की दूसरी प्रमुख वजह है।

तस्वीर 15 जनवरी 2025 की है, अपने विदाई समारोह के दौरान बाइडेन अपने पोते ब्यू बाइडेन को किस करते हुए। पीछे उनके पत्नी जिल बाइडेन।
सबसे ज्यादा उम्र के अमेरिकी राष्ट्रपति रहे हैं बाइडेन
जो बाइडेन अमेरिका में राष्ट्रपति बनने वाले सबसे ज्यादा उम्र के शख्स बने थे। जब उन्होंने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी तब उनकी उम्र 78 साल 220 दिन थी। ट्रम्प जब दूसरी बार राष्ट्रपति बने थे, तब उनकी उम्र 78 साल 61 दिन है। अमेरिकी संविधान के मुताबिक ट्रम्प तीसरी बार राष्ट्रपति नहीं बन सकते थे। ऐसे में कुछ सालों तक बाइडेन का रिकॉर्ड कायम रहेगा।

तस्वीर 1988 की है, जिसमें जो बाइडेन पत्नी जिल बाइडेन के साथ पोज दे रहे हैं।
सबसे युवा सीनेटर से राष्ट्रपति तक बाइडेन के करियर पर एक नजर
राष्ट्रपति पद से हटने के साथ ही बाइडेन के 5 दशक के राजनीतिक करियर का अंत हो जाएगा। उन्होंने 1972 में डेलावेयर राज्य से 30 साल की उम्र में सीनेटर चुनाव जीतकर अपने करियर की शुरुआत की थी। उस वक्त बाइडेन देश के सबसे युवा सीनेटर थे।
उन्होंने 1988 और 2008 में राष्ट्रपति उम्मीदवारी की रेस में भी हिस्सा लिया। 2008 में बराक ओबामा की जीत के बाद वो अगले 2 कार्यकाल तक उपराष्ट्रपति भी रहे। 2020 में डेमोक्रेटिक पार्टी ने डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ उन्हें अपना राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किया।
2020 में ट्रम्प को हराकर बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बने। 2024 में उन्होंने पार्टी के दबाव की वजह से दूसरी बार राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी छोड़ दी थी। इसके बाद कमला हैरिस राष्ट्रपति उम्मीदवार बनीं, जिन्हें ट्रम्प के हाथों हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के नतीजे पर बोलते हुए बाइडेन ने कहा था कि अगर वो उम्मीदवार होते तो ट्रम्प को हरा सकते थे।
…………………………
अमेरिकी से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
ट्रम्प रियलटी शो विनर को अमेरिकी नागरिकता देंगे: प्रवासी प्रतियोगियों को गोल्ड माइनिंग और रिवर राफ्टिंग जैसे टास्क करने होंगे

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का एक और ‘आउट ऑफ द बॉक्स’ आइडिया सामने आया है। अमेरिका की नागरिकता अब कानूनी प्रक्रिया और स्किल दस्तावेज ही नहीं बिग बॉस जैसे रियलिटी टीवी शो से भी पाई जा सकेगी।अमेरिकी गृह मंत्रालय ने इसके लिए प्रोजेक्ट ‘द अमेरिकन शो’ बनाया है। पूरी खबर पढ़ें…