5 दिन पहले
- कॉपी लिंक

भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच, तुर्किये नेवी का एक जहाज पाकिस्तान के तट पर पहुंचा। इस जहाज के कराची पोर्ट पर पहुंचने को लेकर अलग अलग अटकलें लगाई जा रही है। जबकि पाकिस्तान का कहना है कि तुर्किये का TCG बुयुकाडा दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए पाकिस्तान पहुंचा है।
दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि सस्पेंड करने के बाद भारत ने रविवार को चिनाब नदी का पानी रोक दिया। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू के रामबन में बने बागलिहार बांध से चिनाब का पानी रोका गया है। वहीं कश्मीर में किशनगंगा बांध के जरिए झेलम नदी का पानी रोकने की प्लानिंग चल रही है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
भारत की तरफ से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रूस की विक्ट्री डे परेड में शामिल होंगे

भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 9 मई को रूस की विक्ट्री डे परेड में शामिल होंगे। पहले इस परेड में शामिल होने के लिए पीएम मोदी जाने वाले थे, लेकिन पहलगाम हमले की वजह से उनका यह प्रोग्राम कैंसिल हो गया।
इसके बाद खबर आई थी कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस परेड में शामिल होंगे, लेकिन अब उनका भी मॉस्को जाने का प्रोग्राम कैंसिल हो गया है।
रूस सेकेंड वर्ल्ड वॉर में नाजी जर्मनी पर जीत के जश्न के तौर पर हर साल 9 मई को विक्ट्री डे परेड का आयोजन करता है। इस साल इस परेड में शामिल होने के लिए 20 देश के नेता मॉस्को पहुंचेंगे।
रूस दौरे पर जाएंगे शी जिनपिंग, पुतिन से करेंगे मुलाकात, विक्ट्री डे परेड में भी होंगे शामिल

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 मई से रूस की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह यात्रा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के न्योते पर हो रही है। चीनी विदेश मंत्रालय ने रविवार को इस बात की पुष्टि की।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य रूस और चीन के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना बताया गया है। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, सुरक्षा और वैश्विक राजनीतिक हालात पर विस्तृत बातचीत करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, शी और पुतिन के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर भी संभावित हैं।
शी जिनपिंग 9 मई को मास्को के ऐतिहासिक रेड स्क्वायर में आयोजित होने वाले विक्ट्री डे परेड में भी भाग लेंगे। यह परेड नाजी जर्मनी पर सोवियत जीत की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है।
इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहिया का हमला, बैलिस्टिक मिसाइल दागी; कोई नुकसान नहीं

इजराइल के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट हूती विद्रोहियों ने हमला किया है। ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने हमले के लिए बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है।
फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि 3 लोगों को मामूली चोट आई है। रक्षामंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि जो कोई भी हमें नुकसान पहुंचाएगा, हम उस पर सात गुना प्रहार करेंगे।
पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने 5 पुलिसवाले अगवा किए; पुलिस वैन रोकी, 10 कैदी फरार

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बंदूकधारियों ने एक पुलिस वैन को रोककर 5 पुलिसवालों को अगवा कर लिया है। बंदूकधारियों ने शनिवार को क्वेटा-कराची राजमार्ग पर कैदियों को गदानी जेल से क्वेटा ले जा रही वैन को रास्ते में ही रोक लिया।
इसके बाद बंदूकधारियों ने वैन में सवार 10 कैदियों को रिहा कर फरार कर दिया। इन कैदियों में दो दोषी भी शामिल हैं। इनमें से एक को मौत की सजा सुनाई गई हैं, वहीं दूसरे को उम्रकैद की सजा मिली है। दोनों पर अपनी पत्नी की हत्या का मुकदमा चलाया गया था।
अधिकारियों ने के मुताबिक सुरक्षा बलों ने बंधकों को छुड़ाने के लिए मोंगूचर के पहाड़ी इलाके और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटना की जिम्मेदारी अभी तक किसी समूह ने नहीं ली है।
जापान और चीन का एक दूसरे पर एयरस्पेस उल्लंघन का आरोप; पूर्वी चीन सागर में द्वीपों को लेकर दोनों में विवाद

जापान और चीन ने एक-दूसरे पर एयरस्पेस के उल्लंघन का आरोप लगाया है। यह आरोप पूर्वी चीन सागर में मौजूद सेनकाकु द्वीपों को लेकर लगा है, जिन पर जापान का कंट्रोल है, लेकिन चीन भी यहां अपना दावा करता है।
जापान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि शनिवार को चीनी कोस्ट गार्ड के चार जहाज, जापान के जलीय क्षेत्र के पास पहुंचे। इनमें से एक जहाज पर मौजूद हेलिकॉप्टर ने जापान के एयरस्पेस में 15 मिनट तक उड़ान भरी।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में सिंगल सीटर प्लेन क्रैश, पायलट की मौत; रिहायशी इलाके में गिरा, 2 घरों को नुकसान

अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया की सिमी वैली में शनिवार को एक सिंगल सीटर प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में पायलट की मौत हो गई है।
हादसा रिहायशी इलाके में हुआ, जिसकी वजह से दो घरों को नुकसान पहुंचा है। विमान का मलबा दोनों घरों के बीच गिरा।
घटना के बाद दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक हादसे के वक्त लोग घरों में मौजूद थे, लेकिन उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है।