इस्लामाबाद24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

BLA ने 14 मई को ये वीडियो जारी किया, जिसमें पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला होते दिखाया गया है।
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 14 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने की जिम्मेदारी ली है। यह हमला 9 मई को बलूचिस्तान के पंजगुर जिले में PAK सेना की गाड़ी पर हुआ था।
BLA ने 14 मई को सेना का काफिले पर हमले का एक वीडियो भी जारी किया। बलूच आर्मी ने पाक सेना के खिलाफ अपने हमलों को ऑपरेशन हेरोफ नाम दिया है।
BLA ने बयान जारी कर कहा,

बलूचिस्तान की आजादी का आंदोलन लोगों के समर्थन से मजबूत हो गया है। पाकिस्तानी सेना बलूचिस्तान के किसी कोने में सुरक्षित नहीं है।
BLA के पाकिस्तानी सेना पर हमले की 4 फुटेज देखिए

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना की गाड़ी पर हमला किया।

फायरिंग से बचने के लिए एक आदमी गाड़ी से निकल कर भागने लगा, जिसे BLA ने गोली मार दी।

फायरिंग के बाद गाड़ी में जोरदार धमाका हुआ।

BLA ने पाकिस्तानी सेना के एक ड्रोन को भी गिराया।
BLA ने 58 जगहों पर 78 हमलों की जिम्मेदारी ली
BLA ने ऑपरेशन हेरोफ के तहत पिछले कुछ हफ्तों में बलूचिस्तान प्रांत में 58 से अधिक जगहों पर 78 कॉर्डिनेटेड हमलों की जिम्मेदारी ली है।
11 मई को BLA की तरफ से जारी किए गए बयान के मुताबिक इनमें केच, पंजगुर, मस्तुंग, क्वेटा, जमुरान, तोलांगी, कुलुकी और नुशकी इलाके शामिल हैं।
यहां BLA ने पाकिस्तानी सेना, खुफिया ठिकानों और स्थानीय पुलिस स्टेशनों को निशाना बनाया है। इस बयान में BLA ने पाकिस्तान को वैश्विक आतंकवादियों का गढ़ बताया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उसे आतंकवादी देश घोषित करने की मांग की।
BLA ने कहा कि वे भविष्य में भी पाकिस्तानी सेना और उनके सहयोगियों पर ऐसे हमले जारी रखेंगे।
बलूच नेता ने PAK से आजादी का ऐलान किया
बलूच नेता मीर यार बलूच ने बुधवार को पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी का ऐलान किया। उन्होंने इसके पीछे दशकों से बलूच लोगों के मानवाधिकार हनन, किडनैपिंग और हिंसा का हवाला दिया।
मीर यार बलूच ने X पोस्ट में कहा- बलूचिस्तान के लोगों ने अपना “राष्ट्रीय फैसला” दे दिया है और दुनिया को अब चुप नहीं रहना चाहिए। आओ हमारा साथ दो।
उन्होंने लिखा कि बलूच लोग सड़कों पर हैं और यह उनका राष्ट्रीय फैसला है कि बलूचिस्तान पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है और दुनिया अब और मूक दर्शक नहीं रह सकती।
उन्होंने भारत और ग्लोबल समुदाय से बलूचिस्तान की आजादी के लिए मान्यता और समर्थन मांगा।

पाकिस्तान PoK के लोगों को ढाल जैसे इस्तेमाल कर रहा
मीर यार ने भारतीय मीडिया, यूट्यूबर्स और भारतीय बुद्धिजीवियों से अपील की कि वो बलूचों को पाकिस्तान के लोग न कहें। हम पाकिस्तानी नहीं, बलूचिस्तानी हैं। पाकिस्तान के अपने लोग पंजाबी हैं, जिन्हें कभी हवाई बमबारी, किडनैपिंग या नरसंहार का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) पर भारत के रुख का समर्थन किया। अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान पर इस इलाके को खाली करने के लिए दबाव डालने की अपील की।
मीर यार ने कहा- भारत पाकिस्तानी सेना को हरा सकता है। अगर पाकिस्तान ने ध्यान नहीं दिया, तो खूनखराबे के लिए सिर्फ पाकिस्तानी सेना के लालची जनरल जिम्मेदार होंगे, क्योंकि इस्लामाबाद PoK के लोगों को ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है।
बलूचिस्तान को विदेशी ताकतों की मदद के कब्जा किया गया
मीर यार बलूच के मुताबिक दुनिया को बलूचिस्तान पर पाकिस्तान के दावों को स्वीकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान को विदेशी ताकतों की मदद से जबरन कब्जा किया गया था।
बलूचिस्तान में लंबे वक्त से मानवाधिकार हनन हो रहा है। पाकिस्तानी सेना और पुलिस लोगों पर हमले करती है। यहां विदेशी मीडिया की पहुंच बहुत सीमित है, इस वजह से बलूचिस्तान से जुड़ी खबरें बाहर नहीं आ पाती हैं।

पाकिस्तान का कुल एरिया करीब 7.9 लाख वर्ग किमी है। इसमें बलूचिस्तान अलग हुआ, तो पाकिस्तान के पास सिर्फ 4.5 लाख वर्ग किमी बचेगा। भारत के सिर्फ एक राज्य राजस्थान का क्षेत्रफल ही करीब साढ़े तीन लाख वर्ग किमी है।
बलूचिस्तान की आजादी के लिए लड़ रहा है BLA
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) एक संगठन है जो पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की स्वतंत्रता के लिए लड़ रहा है। इसकी स्थापना 2000 के दशक की शुरुआत में हुई और इसे कई देशों द्वारा आतंकी संगठन भी घोषित किया गया है।
BLA का दावा है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण हो रहा है और बलूच लोगों के अधिकार छीन लिए गए हैं। यह संगठन पाकिस्तानी सेना, सरकार और चीनी प्रोजेक्ट्स जैसे CPEC को निशाना बनाता रहा है।
BLA अपनी गुरिल्ला शैली के लिए जाना जाता है। यानी पहाड़ी इलाकों में छिपकर सेना पर हमला करना और तुरंत वापस लौट जाना।

————————————-
बलूचिस्तान से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
बलूच नेता ने PAK से आजादी का ऐलान किया:कहा- बलूचिस्तान पाकिस्तान का हिस्सा नहीं; भारत से समर्थन की अपील की

बलूच नेता मीर यार बलूच ने बुधवार को पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी का ऐलान किया। उन्होंने इसके पीछे दशकों से बलूच लोगों के मानवाधिकार हनन, किडनैपिंग और हिंसा का हवाला दिया। पूरी खबर पढ़ें…