2 दिन पहले
- कॉपी लिंक

रूसी राष्ट्रपति अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में चीन के दौरे पर पहुंचेगे। रूस ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की है। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि यह दौरा एक अच्छी परंपरा का हिस्सा होगा।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 9 मई 1945 को नाजी जर्मनी की हार के जश्न पर रूस पहुंचे हैं, दूसरी तरफ पुतिन सेकेंड वर्ल्ड वॉर में जापान की हार के पर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए चीन जाते हैं।
उशाकोव ने कहा कि 10 साल पहले, 2015 में भी ऐसा ही हुआ था और इस साल भी ऐसा ही होगा। पुतिन के इस साल भारत आने का प्लान है, हालांकि अभी तक इसकी तारीख सामने नहीं आई है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मिलिट्री काफिले पर हमला; 5 सैनिकों की मौत, 6 घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मिलिट्री काफिले को निशाना बनाकर किए गए हमले में 5 सैनिकों की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह लगभग 11:45 बजे काछी जिले में फ्रंटियर कोर के काफिले पर हमला किया गया।
सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमले के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
जर्मनी में चांसलर नहीं बन पाए फ्रेडरिक मर्ज, 6 वोटों से चूके, संसद के पास अब सिर्फ 14 दिन बाकी

जर्मनी की कंजरवेटिव पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (CDU) के नेता फ्रेडरिक मर्ज देश के दसवें चांसलर बनने की अपनी पहली कोशिश में मंगलवार को नाकाम हो गए। जर्मन संसद में हुए पहले दौर की सीक्रेट वोटिंग में मर्ज को जीत के लिए जरूरी 316 में से 310 वोट मिले। वह 6 वोटों से चूक गए।
मर्ज को चांसलर बनने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। जर्मनी के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोई चांसलर पद का उम्मीदवार पहले दौर में बहुमत हासिल नहीं कर पाया है। नियमों के मुताबिक अब संसद के पास 14 दिन का समय है। मर्ज या फिर कोई और उम्मीदवार बहुमत हासिल नहीं कर पाता है तो राष्ट्रपति संसद को भंग कर सकते हैं, जिसके बाद एक बार फिर से जर्मनी में चुनाव की घोषणा की जा सकती है।
फरवरी में हुए राष्ट्रीय चुनावों में CDU/CSU गठबंधन ने सबसे अधिक 28.5 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। हालांकि, बहुमत से सरकार बनाने के लिए उन्हें दूसरे पार्टी का समर्थन भी चाहिए।
बांग्लादेश में खालिदा जिया की एंट्री, चार महीने बाद इलाज कराकर लौटीं

बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया लंदन से ढाका लौट आईं। उनके साथ उनकी दो बहुएं जुबैदा रहमान और सैयदा शमिला रहमान भी थीं। खालिदा जिया 4 महीने पहले इलाज कराने लंदन गई थीं। 79 साल की खालिदा जिया दिल, किडनी और लिवर की समस्या से जूझ रही हैं।
खालिदा जिया का स्वागत करने के लिए बांग्लादेश नेशनल पार्टी के हजारों कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद थे। इनमें से कई फूल, बैनर और पोस्टर लिए हुए थे। कुछ समर्थक खालिदा जिया की तस्वीर वाली टी-शर्ट भी पहने हुए थे। वे ‘खालिदा जिया डरी नहीं’ के नारे लगा रहे थे।
रूस ने यूक्रेन पर रातभर ड्रोन हमला करने का आरोप लगाया, मॉस्को के 4 एयरपोर्ट बंद

रूस ने कहा है कि यूक्रेन ने लगातार दूसरी रात मास्को को निशाना बनाकर रात भर ड्रोन हमला किया है। मॉस्को के अलावा पेन्जा और वोरोनिश समेत बाकी रूसी शहरों पर भी हमले किए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजधानी की सुरक्षा के लिए सभी चार प्रमुख एयरपोर्ट्स को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि कम से कम 19 यूक्रेनी ड्रोन से सोमवार रात मॉस्को पर हमला हुआ लेकिन उन सभी को नष्ट कर दिया गया। इससे पहले रूस ने रविवार रात यूक्रेन के 26 ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया था।
यूक्रेन ने रूस के दावे पर अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वहीं, यूक्रेनी शहर खारकिएव के मेयर ने कहा कि रूस ने रातभर ड्रोन हमले किए हैं। उन्होंने कीव पर भी ड्रोन हमला करने का दावा किया।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने 4 पुलित्जर अवॉर्ड जीते, न्यू यॉर्कर को 3; वाशिंगटन पोस्ट ने ट्रम्प शूटिंग केस की कवरेज के लिए पुरस्कार जीता

न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने 2024 में पत्रकारिता के लिए सोमवार को चार पुलित्जर अवॉर्ड जीते। वहीं, न्यू यॉर्कर मैगजीन ने तीन पुरस्कार जीते। इसमें फेंटेनाइल संकट, अमेरिकी सेना और पिछले साल गर्मियों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश जैसे मुद्दों को शामिल किया गया।
पुलित्जर्स ने 2024 में पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 कैटेगरी के साथ-साथ किताबों, संगीत और थिएटर समेत आठ आर्ट कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ लोगों को सम्मानित किया। पब्लिक सर्विस विनर को स्वर्ण पदक मिलता है। अन्य सभी विजेताओं को 15 हजार अमेरिकी डॉलर (12.63 लाख रुपए) मिलते हैं।